15 साल पहले चमचमाती थी सड़क, आज बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील — बढ़नी में राहगीरों की बढ़ी परेशानी1 min read
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|

बढ़नी, जनपद सिद्धार्थ नगर। नगर पंचायत बढ़नी के मोहल्ला आजाद नगर में आने वाले वार्ड नंबर 6, 7 और 8 की यह सड़क आज बदहाली की तस्वीर पेश कर रही है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं और सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। यह परेशानी सिर्फ आजाद नगर के स्थानीय लोगों तक सीमित नहीं है। यह सड़क आवागमन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इस रास्ते से स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के तमाम लोग भी बड़ी संख्या में गुजरते हैं।
इसी रास्ते से लोग बढ़नी मार्केट, नेपाल, बैंक, स्कूल और मैरिज हॉल की ओर आते-जाते हैं। वहीं, मोहल्ले के लोगों के लिए यह रास्ता रेलवे फाटक की ओर जाने और बाहर निकलने का भी महत्वपूर्ण मार्ग है।
बढ़नी मार्केट और नेपाल की तरफ जाने के लिए प्रमुख रूप से दो रास्ते हैं—एक मुख्य मार्ग और दूसरा आजाद नगर से होकर जाने वाला यह रास्ता। मुख्य मार्ग की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है, लेकिन आजाद नगर वाले इस रास्ते की हालत लगातार खराब होती गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब 15 वर्ष पहले, जब राम नरेश उपाध्याय नगर पंचायत बढ़नी के चेयरमैन हुआ करते थे, उस समय इस सड़क का निर्माण कराया गया था। लोगों का कहना है कि उस समय सड़क काफी अच्छी और चमचमाती थी, लेकिन समय बीतने के साथ सड़क की हालत बिगड़ती चली गई और आज यह बदहाल स्थिति में पहुंच गई है।
बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने के कारण राहगीरों को आवागमन में और अधिक परेशानी होती है।इस पूरे मामले की World Eye Bharat News ने मौके पर पहुंचकर ग्राउंड रिपोर्ट तैयार की। स्थानीय लोगों से बातचीत की गई और उनकी समस्याओं को कैमरे में दर्ज किया गया।
एक खास बात यह भी है कि इस रिपोर्ट को करने वाला मैं स्वयं मास्टर अब्दुल मुस्तफ़ा, इसी आजाद नगर मोहल्ले का निवासी हूँ। इसलिए यह समस्या मेरे लिए केवल एक खबर नहीं, बल्कि मेरे अपने मोहल्ले और यहां से गुजरने वाले लोगों की रोजमर्रा की समस्या है। मैंने स्वयं इस सड़क की स्थिति को करीब से देखा है और स्थानीय लोगों की परेशानी को महसूस किया है।
लोगों की मांग है कि इस महत्वपूर्ण सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बाजार, नेपाल, स्कूल, बैंक, मैरिज हॉल और रेलवे फाटक की ओर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके।
अब सवाल यह है कि नगर पंचायत प्रशासन और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी इस जर्जर सड़क की सुध कब लेंगे? क्या लोगों को इसी तरह गड्ढों और बदहाल सड़क के बीच आवागमन करना पड़ेगा, या फिर इस सड़क के कायाकल्प की कोई ठोस पहल होगी?
मास्टर अब्दुल मुस्तफ़ा|World Eye Bharat News|
बढ़नी, जनपद सिद्धार्थ नगर।
